जयपुर। राजस्थान सरकार ने कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए किसी भी प्रकार के भीड़-भाड़ सम्बन्धी आयोजन यथा सार्वजनिक, सामाजिक, राजनैतिक, खेल-कूद, मनोरंजन संबंधी, सांस्कृतिक एवं धार्मिक समारोह, त्योहारों आदि के आयोजनों के साथ जुलूस, मेलों एवं हाट बाजारों पर प्रतिबंध को आगे भी जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रमुख शासन सचिव (गृह) अभय कुमार ने इस संबंध में 10 जुलाई, 2021 को जारी आदेश का हवाला देते हुए सभी जिला कलक्टर, पुलिस आयुक्त एवं पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा है कि सार्वजनिक स्थानों पर आमजन द्वारा कोविड उपयुक्त व्यवहार एवं कोरोना प्रोटोकॉल की अनुपालना का अभाव कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर का कारण बन सकता है। संक्रमण अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है, इसलिए कोविड-19 संक्रमण की संभावित तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुएप्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जाये किकिसी भी प्रकार के भीड़-भाड़ वाले कार्यक्रम यथा-धरना प्रदर्शन, जुलूस, रैलियों आदि का आयोजन ना हो। समस्त जिला मजिस्ट्रेट एवं पुलिस आयुक्त को नो-मास्क, नो-मूवमेंट की सख्ती से पालना सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए गए हैं।किसी भी प्रतिष्ठान, बाजार या आमजन आदि द्वारा कोविड उपयुक्त व्यवहार के मानदंडो का पालन नहीं किया जाता है तो प्रशासन द्वारा उनके विरूद्ध उपयुक्त कार्यवाही की जाए।