भोपाल। दिन-रात अपनी जान जोखिम में डालकर कोरोना संकटकाल में भी लोगों तक महत्वपूर्ण सूचनाएं पहुंचाने का काम कर रहे प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकारों के हित में मध्य प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला किया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि कोरोना संकट काल के दौरान कोई भी पत्रकार या उसका परिवार का सदस्य इस बीमारी से पीड़ित होता है तो उसके इलाज का पूरा खर्च मध्य प्रदेश सरकार उठाएगी।
उन्होंने कहा है कि कोरोना संक्रमण के विकट संकट में हमारे मीडिया के मित्र दिन और रात अपने कर्तव्य का निर्वहन पूरे समर्पण और निष्ठा के साथ कर रहे हैं। हमने देखा है कि जनता तक जानकारियां पहुंचा रहे हैं। और अपने पत्रकारिता के धर्म का निर्वाह करते हुए कई पत्रकार साथी भी संक्रमित हुए हैं और कुछ का दुखद निधन भी हुआ है। ऐसे में सरकार ने यह महत्वपूर्ण फैसला किया है।

CM ने कहा कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल मीडिया के सभी मीडियाकर्मी जो अधिमान्य हों या गैर अधिमान्य हों, उनका और उनके परिवार का कोई भी सदस्य कोरोना बीमारी से पीड़ित होगा तो मध्य प्रदेश सरकार उनको उनके हाल पर नहीं छोड़ेगी। उनका इलाज करवाया जाएगा।