बेरोजगारों के लिए मोदी सरकार का मेगा रिक्रूटमेंट ड्राइव, 75 हजार लोगों के धनतेरस पर एक साथ जारी होंगे अपॉइंटमेंट लेटर


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दिवाली को बेरोजगार युवाओं के लिए कुछ खास बनाने का फैसला किया है। अगले डेढ़ साल में यानी दिसंबर 2023 तक 10 लाख युवाओं को नौकरी देने की तैयारी है। इस मेगा रिक्रूटमेंट ड्राइव की लॉन्चिंग वे धनतेरस के दिन यानी 22 अक्टूबर से होगी। करीब 75000 लोगों को एक साथ अपॉइंटमेंट लेटर दिया जाएगा। PM इस दौरान इन युवाओं से वर्चुअली बातचीत भी करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसकी जानकारी साझा की है। इसमें रक्षा मंत्रालय, रेल मंत्रालय, डाक विभाग, गृह मंत्रालय, श्रम और रोजगार मंत्रालय, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) , सीमा शुल्क और बैंकिंग, सशस्त्र बल कर्मी, सब-इंस्पेक्टर, कॉन्स्टेबल, एलडीसी, स्टेनो, पीए और इनकम टैक्स इंस्पेक्टर सहित 38 विभागों में देशभर से चुने गए युवाओं को नौकरियां दी जाएंगी।

PMO ने बताया कि पीएम मोदी ने इस साल जून में 38 मंत्रालयों/विभागों में मैन पावर की समीक्षा करने के बाद ऐलान किया था कि उनकी सरकार अगले डेढ़ साल में यानी 2023 दिसंबर तक 10 लाख नौकरियां मुहैया कराएगी। ये सभी भर्तियां UPSC, SSC, रेलवे भर्ती बोर्ड एवं अन्य केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से हो रही हैं। यह 10 लाख नौकरियां केंद्र सरकार के 38 मंत्रालयों और विभागों के जरिए भरी जाएंगी। अभी ग्रुप ए (गजेटेड) कैटेगरी में 23584, ग्रुप बी (गजेटेड) कैटेगरी में 26282, वहीं ग्रुप सी की नॉन गेजेटेड कैटेगरी में 8.36 लाख पोस्ट खाली हैं।

बड़ी बात यह है कि केवल रक्षा मंत्रालय में ही ग्रुप बी (नॉन गेजेटेड) के 39366 और ग्रुप सी के 2.14 लाख पद खाली हैं। रेलवे में ग्रुप सी के 2.91 लाख और गृह मंत्रालय में ग्रुप सी नॉन गेजेटेड कैटगरी के तहत 1.21 लाख पद रिक्त चल रहे हैं।