विधायकों ने बिना किसी प्रलोभन के कांग्रेस सरकार का राज्यसभा चुनावों में समर्थन किया: अशोक गहलोत, CM


जयपुर। विपक्ष द्वारा लगातार कांग्रेस पार्टी के समर्थित निर्दलीय और बसपा से कांग्रेस में आए विधायकों पर प्रलोभन देकर राज्यसभा चुनाव में वोट कराने के मामले को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीजेपी को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने बीजेपी के आरोपों का खंडन भी किया है। इसके साथ ही उन्होंने विधायकों का साथ देने के लिए आभार भी जताया है।

गहलोत ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों की शानदार विजय के लिए सभी माननीय विधायकगणों का हृदय से आभारी हूं। यह राजस्थान की खुशकिस्मती है कि राज्यसभा चुनाव हो या पॉलिटिकल क्राइसिस का समय हो राजस्थान में BSP से कांग्रेस में शामिल हुए 6 विधायकों, 13 निर्दलीय, 2 CPI(M), 2 BTP, 1 RLD विधायकों ने हमारी सरकार का साथ दिया है। इन सबने BJP द्वारा की गईं खरीद-फरोख्त की कोशिशों को करारा जवाब दिया है। इन विधायकों ने प्रदेश को स्थिर सरकार देने के लिए ही 2018 से सरकार को समर्थन दिया हुआ है क्योंकि स्थायी सरकार से विकास तेज गति से संभव होता है। इन विधायकों ने अपने क्षेत्र के विकास के लिए बिना किसी प्रलोभन के सरकार का समर्थन किया है।

उन्होंने कहा मुझे खुशी है कि राजस्थान में इन विधायकों ने एक नई परंपरा कायम की है जिसमें भाजपा के धनबल और बाहुबल को हराया है एवं प्रदेश की जनता के विश्वास को और मजबूत किया है। इस विजय से हमारे प्रदेश का मान-सम्मान पूरे देश में ऊंचा हुआ है।