विधायक गोपाल शर्मा ने आचार्य विद्यासागर जी महाराज को दी विनयांजलि


जयपुर। संत शिरोमणि 108 आचार्य विद्यासागर जी महाराज की पुण्य स्मृति में मंगलवार को सकल जैन समाज की ओर से नारायण सिंह सर्किल स्थित भट्टारक जी की नसियां में गुणानुवाद सभा का आयोजन किया गया। सभा में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण चंद्र छाबड़ा, अशोक पाटनी, विनोद जैन कोटखावदा, पूर्व विधायक सुरेंद्र पारीक, उपमहापौर पुनीत कर्नावट, सोहनलाल तांबी समेत बड़ी संख्या में जैन और अन्य समाजों के प्रबुद्ध जनों एवं मातृ शक्ति ने भावांजलि अर्पित की। 

MLA Gopal sharma

विधायक गोपाल शर्मा ने नई शिक्षा नीति में संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाराज के योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि आचार्य विद्यासागर महाराज ज्ञान सिंधु के एक दैदीप्यमान बिंदु थे। उनका तेज सूर्य सा प्रभावशाली था। उनका देवलोकगमन अध्यात्म दर्शन के एक युग के सूर्यास्त जैसा है। विधायक शर्मा ने कहा कि विद्यासागर महाराज जी जीवनपर्यंत अपने संकल्पों के धनी रहे और सिद्धांतों पर अडिग हो संयम का पालन करते हुए महासमाधि ले ली। उनका जीवन तप सदैव अनुकरणीय और संयम प्रेरणा देने वाला है।