मंत्री रमेश मीणा ने सीएम गहलोत को कांस्टेबलों की पदो​न्नति के लिए लिखा पत्र


जयपुर. राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री रमेश मीणा ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के कांस्टेबलों को हैड कांस्टेबलों को विभागीय पदोन्नति जल्द से जल्द देने के आग्रह किया है।

पत्र में रमेश मीणा ने लिखा कि पुलिस आयुक्तालय जयपुर में वर्ष 2013-14 से कांस्टेबल से हैड कांस्टेबल विभागीय पदोन्नति नहीं होने से इन कार्मिकों को राजकीय सेवा में 25-27 वर्ष होने के उपरान्त भी पदोन्नति नहीं मिल पा रही है। हाल में मुख्यमंत्री जी द्वारा वर्ष में दो बार विभागीय पदोन्नति के संबंध में आदेश प्रदान किए गए थे जिससे सभी विभागों के कर्मचारी/अधिकारियों को बड़ा फायदा मिला है। लेकिन जयपुर पुलिस आयुक्तालय के कार्मिकों को इसका लाभ नहीं मिला। इससे हैड कांस्टेबलों को पदोन्नति के मामले में न्याय नहीं मिल पा रहा है।

मंत्री ने सीएम को लिखे पत्र में अनुरोध किया कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा गठित तीन सदस्यीय कमेटी को निर्देशित कर विभागीय त्रुटी का दुरुस्तीकरण करवाकर संबंधित पुलिसकर्मियों को विभागीय पदोन्नति का लाभ शीघ्र दिलवाने की कृपा करें।