अवैध खनन के दौरान खान ढही, 7 मजदूरों की मलबे में दबने से मौत 


 

भीलवाड़ा. राजस्‍थान के भीलवाड़ा जिले के आसीन्‍द थाना क्षेत्र में अवैध खनन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. जहां अवैध खदान में खनन कार्य के दौरान अचानक खान ढह गई. हादसे में 3 महिलाओं सहित‍ 7 मजदूर की मलबे में दबने से मौत हो गई. 

हालांकि प्रशासन ने आनन फानन में रेस्क्यू आॅपरेशन भी चलाया लेकिन वो जान बचाने में नाकाम रहे. घटना के बाद मौके पर हाहाकार मच गया और प्रशासन के खिलाफ लोगों में खासी नाराजगी देखने को मिली. हादसे के बाद जहां स्थानीय जिला प्रशासन, खान विभाग और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं वहीं इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि इतने लम्बे समय से इस इलाके में अवैध खनन किसकी शह पर संचालित हो रहा था. 

यह घटना आसीन्‍द थाना क्षेत्र के लाछूड़ा गांव में नूर मोहम्‍मद के खेत में अवैध र्क्‍वाटज निकालने की खान संचालित हो रही थी. इसे संग्राम सिंह नाम का व्‍यक्ति संचालित कर रहा था. खान में दबने वाले मजदूर के नाम कन्‍हैया भील, प्रहलाद भाट, गणेश भील, धर्मा भाट और महिला मजदूर हिंगला भाट, मीना भील और एक अन्‍य मीना भील बताया  गया है.