फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह का निधन, कोरोना से संक्रमित होने पर बिगड़ी थी तबीयत


Milkha Singh Death News/चंडीगढ़। दुनियाभर में 'फ्लाइंग सिख' के नाम से मशहूर महान धावक मिल्खा सिंह का निधन हो गया है। बीती रात चंडीगढ़ के PGI अस्पताल में उनका निधन हुआ। दुख की बात यह है कि इसी हफ्ते उनकी पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह ने भी कोविड से लड़ाई में दम तोड़ दिया था।

 

परिवार के सदस्यों के मुताबिक कोरोना वायरस से संक्रमित होने के करीब एक महीने बाद 91 वर्षीय इस महान धावक का निधन हो गया। मिल्खा 20 मई को कोरोना वायरस की चपेट में आए थे। उनके पारिवारिक रसोइए को कोरोना हो गया था, जिसके बाद मिल्खा और उनकी पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। 1958 के राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन और 1960 के ओलिंपियन ने चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में अंतिम सांस ली।

मिल्खा सिंह के निधन पर पूरे देश और दुनिया से लगातार शोक जताया जा रहा है। उनके निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री मोदी से लेकर फिल्मी और खेल की दुनिया के लोगों ने भी दुःख व्यक्त किया है।