लॉकडाउन की जंग में मालगाड़ी की चपेट में आने से गई 14 प्रावसियों की जान


औरंगाबाद. महाराष्ट्र के औरंगाबाद में शुक्रवार की सुबह बेड फ्राइडे बन गई. औरंगाबाद में रेलवे ट्रैक पर सो रहे प्रवासी मजदूरों को मालगाड़ी ने रौंद दिया, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई. यह वो लोग थे जो पैदल ही अपने घर पहुंचने के लिए निकले थे. ये सभी मजदूर शुक्रवार को औरंगाबाद रेलवे स्टेशन से छूटने वाली विशेष ट्रेन में सवार होने के लिए जालना से रात को रवाना हुए थे.

ये लोग रेल की पटरियों पर चलते हुए औरंगाबाद पहुंचना चाह रहे थे लेकिन थकान के कारण ये लोग सुबह करीब चार बजे के आसपास आराम के लिए कुछ देर पटरी पर ही सो गए. इसी दौरान पीछे से आए एक इंजन ने इन सभी मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया जिससे 14 की लोगों की अकाल मौत हो गई.

इस घटना में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं उनका उपचार औरंगाबाद के घाटी मेडिकल अस्पताल में किया जा रहा है. सभी मजदूर मध्य प्रदेश के उमरिया और शहडोल जिले से ताल्लुक रखते थे.

पुलिस के मुताबिक यह हादसा औरंगाबाद के करमद के पास सुबह 5.15 बजे हुआ. मृतकों के परिवारों को महाराष्ट्र सरकार ने 5-5 लाख रुपये की राहत राशि देने का एलान किया है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, राजस्थान सीएम अशोक गहलोत सहित कई प्रमुखजनों ने हादसे पर दुख जताया. उधर भारतीय रेल मंत्रालय ने मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं.