जयपुर। राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव हेतु गठित पोलिटिकल अफेयर कमेटी तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त लोकसभा पर्यवेक्षकों की बैठक आज प्रदेश कांग्रेस के वार रूम 7, हॉस्पिटल रोड, जयपुर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल, राजस्थान प्रभारी सुखजिन्द्र सिंह रंधावा, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा चुनाव हेतु नियुक्त वरिष्ठ पर्यवेक्षक मधुसुदन मिस्त्री की अगुवाई में सम्पन्न हुई। प्रदेश कांग्रेस के वार रूम में सम्पन्न पोलिटिकल अफेयर समिति की बैठक में सभी समिति सदस्यों ने एकमत से संकल्प लिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीतने हेतु एकजुटता के साथ कार्य करते हुये पंचायत एवं बूथ स्तर तक पार्टी द्वारा रणनीति के तहत् सघन जनसम्पर्क अभियान चलाया जायेगा। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव हेतु भाजपा द्वारा राजस्थान की कांग्रेस सरकार के विरूद्ध फैलाई जा रही झूठ का जवाब देने तथा राजस्थान सरकार द्वारा किये गये जनकल्याणकारी कार्यों के प्रचार-प्रसार की व्यापक रणनीति भी तैयार की गई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन सचिव चल्ला वामशी चंद रैड्डी, सहप्रभारी काजी निजामुद्दीन, अमृता धवन, राज्य पर्यवेक्षक शशिकांत सेंथिल सहित समिति के सभी सदस्यगणों ने भाग लिया। लोकसभावार नियुक्त पर्यवेक्षकों को आगामी विधानसभा चुनाव हेतु अपने-अपने क्षेत्र में पडऩे वाले विधानसभा क्षेत्रों के लिये चुनावी रणनीति से अवगत करवाया गया तथा विधानसभा चुनाव तक किये जाने वाले कार्यों के निर्देश प्रदान किये गये।