हनुमानगढ़। जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड का प्रबन्ध संचालक 50 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर सीकर इकाई ने हनुमानगढ़ में कार्यवाही करते हुये पवन कुमार गोयल प्रबन्ध संचालक, श्रीगंगानगर और जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संध लिमिटेड, हनुमानगढ़ जंक्शन को परिवादी से 50 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि ए.सी.बी. की सीकर इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि दूध सप्लाई हेतु लगाये गये उसके दो वाहनों को बिना टेण्डर चलाये रखने और टेण्डर अवधि बढाने की एवज में पवन कुमार गोयल प्रबन्ध संचालक, श्रीगंगानगर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संध लिमिटेड, हनुमानगढ़ जंक्शन, जिला हनुमानगढ़ द्वारा 50 हजार रूपये की रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है। जिस पर एसीबी, सीकर इकाई के उप अधीक्षक पुलिस जाकिर अख्तर के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज पुलिस निरीक्षक सुरेश चंद एवं उनकी टीम द्वारा कार्यवाही करते हुये पवन कुमार गोयल को परिवादी से 50 हजार रूपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम.एन. के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।
एसीबी महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने समस्त प्रदेशवासियों से अपील की है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टो-फ्री हैल्पलाईन नं. 1064 एवं व्हाट्स एप्प हैल्पलाईन नं. 94135-02834 पर सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।