राजस्थान सरकार ने एक बड़ा फैसला करते हुए राजस्थान में तैनात 30 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। कई अधिकारियों को उनकी हल्की वर्क परफॉर्मेंस के आधार पर जहां हल्की पोस्टिंग दी गई है, वहीं कुछ अधिकारियों की बेहतरीन परफॉर्मेंस को देखते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मा सौंपा गया है। आगामी साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एक बड़ा फेरबदल माना जा रहा है।
राजस्थान सरकार चुनावों से पहले एक्शन मोड में नजर आने लगी है। राजस्थान के नए डीजीपी की घोषणा के बाद अब 30 आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए गए हैं। 6 प्रशासनिक अधिकारियों को अतिरिक्त चार्ज भी दिया गया है। आनंद कुमार को गृह विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। अतिरिक्त मुख्य सचिव के तौर पर अभय कुमार को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के साथ खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलात विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। अपर्णा अरोड़ा को ग्रामीण विकास विभाग से हटाकर राजस्व, उपनिवेशन, सैनिक कल्याण विभाग एवं देवस्थान विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। राजस्थान में कार्मिक विभाग की ओर से जारी आईएएस तबादला लिस्ट में नवीन महाजन को PWD विभाग के प्रमुख शासन सचिव के पद से हटाकर अध्यक्ष, राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल लगाया गया है। जबकि स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख शासन सचिव वैभव गालरिया को PWD विभाग का प्रमुख शासन सचिव लगाया है। टी. रविकांत को प्रमुख शासन सचिव के तौर पर चिकित्सा शिक्षा विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। इससे पहले टी. रविकांत राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के साथ राजस्थान अक्षय उर्जा निगम के अध्यक्ष पद का जिम्मा संभाल रहे थे। विकास सीताराम भाले को शासन सचिव श्रम एवं कारखाना एवं बायलर लगाया गया है। आशुतोष ए.टी. पेडणेकर को अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड लगाया गया है। भानु प्रकाश अटरू को शासन सचिव गृह विभाग, नीरज के. पवन से उपनिवेशन विभाग आयुक्त का चार्ज वापस लिया गया है, अब उनको संभागीय आयुक्त बीकानेर के पद पर रखा गया है। पीसी किशन को शासन सचिव कौशल एवं उद्यमिता विभाग, शुचि त्यागी को मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टेट हेल्थ इंश्योरेंस लगाया गया है। अंतर सिंह नेहरा को संभागीय आयुक्त जयपुर लगाया गया है। आईएएस करण सिंह को प्रबंध निदेशक राज्य खान एवं खनिज विभाग लिमिटेड़, परमेश्वर लाल को प्रबंध निदेशक राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, कुमारी प्रज्ञा केवलरमानी आय़ुक्त देवस्थान विभाग, संदेश नायक निदेशक खान एवं भूवैज्ञानिक विभाग में लगाया गया है। नथमल डिडेल को प्रबंध निदेशक राज्य पथ परिवहन निगम जयपुर लगाया गया है। प्रदीप गवांडे को आयुक्त, उपनिवेशन विभाग बीकानेर लगाया गया है। हालांकि प्रशासनिक महकमें में कुछ अच्छे, निर्विवाद और रिजल्ट ऑरिएंटेड ऑफिसर्स के बार-बार तबादला करने को लेकर भी चर्चाएं जोरों पर रही, जहां सरकार के आए हुए चार साल में ही एक सीनियर आईएएस का 8 बार तबादला कर दिया गया, इस लिस्ट में भी उस आईएएस का नाम डाला गया है।
