दिल्ली। महाठग सुकेश चंद्रशेखर से घूस लेने के मामले में रोहिणी जेल के 82 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। यह ठग हर महीने जेलकर्मियों को 1.5 करोड़ रुपए बांटता था। 200 करोड़ की ठगी करने वाले सुकेश चंद्रशेखर के इससे पहले भी कई कारनामे सामने आ चुके हैं। उसने दिल्ली की तिहाड़ जेल की सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए अपने मैसेज बाहर भिजवाए थे। दिल्ली की आर्थिक अपराध शाखा ने ये केस दर्ज किया है। जांच में ये बात सामने आई है कि सुकेश हर महीने जेलकर्मियों को डेढ़ करोड़ रुपए बांटता था। इससे पहले आर्थिक अपराध शाखा 8 जेलकर्मियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
सामने आया है कि सुकेश जो रुपए जेलकर्मियों को बांटता था, उसके बदले में उसे जेल में मोबाइल इस्तेमाल करने और अलग सेल में रहने समेत दूसरी सुविधाएं मिली हुई थीं। इतना ही नहीं पुलिस को एक नोट भी मिला है, जिसमें उन सभी जेलकर्मियों के नाम हैं, जिन्हें घूस मिलती थी। तिहाड़ जेल प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।