नई दिल्ली। ठग सुकेश चंद्रशेखर के आरोप के बाद दिल्ली की राजनीति गरमा गई है। सुकेश ने दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना को पत्र लिखकर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन पर तिहाड़ जेल में अपनी सुरक्षा के लिए हर माह दो करोड़ रुपये वसूलने के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि वह अब तक 10 करोड़ रुपये सत्येंद्र जैन को पहुंचा चुका है। इसे लेकर जहां भाजपा आप पर हमलावर हो गई है। वहीं, आप संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसे मोरबी कांड से जनता का ध्यान हटाने की साजिश बताया है। गौरतलब है कि दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन अवैध लेनदेन के एक मामले में पहले से तिहाड़ जेल में बंद हैं।
आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचारियों की पार्टी: BJP
भाजपा नेता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचारियों की पार्टी हो गई है। अब तक वह योजनाओं के जरिए जनता के पैसे की लूट कर रही थी, लेकिन अब वह बड़े-बड़े अपराधियों से भी उगाही कर रही है। उन्होंने कहा कि ठगी के आरोप सुकेश चंद्रशेखर ने अपनी लिखावट में एक पत्र लिखकर उपराज्यपाल से गंभीर शिकायत की है। उसने अपने पत्र में पैसा दिए जाने पर जेल में उसे सुरक्षा दिए जाने की बात कही है जो बेहद गंभीर है। पात्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के खिलाफ लगातार एक के बाद एक भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं। शराब घोटाला और शिक्षा घोटाले के बाद यह एक गंभीर मामला सामने आया है।
मोरबी कांड से ध्यान भटकाने का पैंतरा?
केजरीवाल इस मामले के सामने आने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला राजनीतिक है और इसमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भाजपा पंजाब में चुनाव हार रही थी तब कुमार विश्वास से आपत्तिजनक बयान दिलवाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई थी। इसी प्रकार अब गुजरात में चुनाव हारने के डर से सत्येंद्र जैन पर आरोप गढ़े जा रहे हैं। मोरबी कांड से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस मामले को उछाला जा रहा है, जबकि सुकेश के आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।