मंदी में महंगाई का कोहराम, घरेलू गैस सिलेंडर फिर 25 रु. महंगा


नई दिल्ली (ऋचा शर्मा)। तेल कंपनियों ने गैस सिलेंडर के दामों में आग लगा रखी है। ऐसा लग रहा है मानो महंगाई कोहराम मचाने को बेताब हो। गैस सिलेंडर के दाम कम किए जाने के बजाए लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। आम आदमी की जेब पर इसका भारी असर पड़ रहा है। इसी कड़ी में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। 14.2 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में फिर 25 रुपए का इजाफा कर दिया गया है। यह सिलेंडर अब 798 रुपए के स्थान पर 823 रुपए में उपलब्ध होगा। उधर 19 किलो के वाणिज्यिक गैस सिलेंडर के दाम में भी 95 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। यह सिलेंडर अब 1530 रुपए के स्थान पर करीब 1625 रुपए में उपलब्ध होगा। हालांकि अलग अलग शहरों में दाम थोड़े ऊपर नीचे हो सकते हैं। नई कीमतें सोमवार (1 मार्च) सुबह यानी आज से ही प्रभावी हो गई हैं। बता दें कि तेल कंपनियों ने तीन माह में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 225 रुपए बढ़ाए हैं।