नई दिल्ली। सरकारी तेल कंपनियों ने आम आदमी को एक और बड़ा झटका दिया है। तेल कंपनियों ने घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर से बढ़ोत्तरी कर दी है। सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की कीमत 25 रु. बढ़ा दी गई है। दिल्ली में 769 रुपये से बढ़कर 794 रु.सिलेंडर के दाम हो गए हैं। आज से ही नई दरें लागू कर दी गई हैं।
फरवरी में गैस सिलेंडर की कीमतों में यह तीसरी बार बढ़ोतरी है। 4 फरवरी को LPG के दाम में 25 रुपये, 15 फरवरी को 50 रुपये बढ़ाने के बाद अब यह तीसरी बार है जब फिर से 25 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। यानी कि पिछले एक माह में घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर ₹100 दाम बढ़ाए जा चुके हैं। और यदि पिछले 3 महीनों की बात करें तो करीब ₹200 सिलेंडर पर अब तक बढ़ चुके हैं।