पूर्व नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक राजीव महर्षि के साथ लूट, लुटेरे मोबाइल छीन कर भागे


जयपुर. भारत के पूर्व नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक और राजस्थान के पूर्व मुख्य सचिव राजीव महर्षि के साथ लूट की वारदात हुई. जयपुर में राजस्थान यूनिवर्सिटी के सामने वह साइकलिंग कर रहे थे तभी अचानक दो मोटरसाइकिल सवार आए और उनका मोबाइल जबरदस्ती छीन कर ले गए. साइकिल के आगे स्टैंड पर उनका मोबाइल लगा हुआ था. यह वारदात राजस्थान यूनिवर्सिटी के सामने हुई. इस पूरे मामले में राजीव महर्षि ने जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के गांधी नगर थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है.

महर्षि ने बताया कि वह दोनों लुटेरों को नहीं जानते. उनकी शिकायत के बाद में जयपुर पुलिस कमिश्नरेट का पूरा महकमा मोबाइल लुटेरों की तलाश में जुट गया है. आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब इस स्तर के लोग ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी का क्या होता होगा.

उधर इस पूरे मामले में विपक्ष को बैठे-बिठाए कांग्रेस के साथ सरकार के खिलाफ बोलने का एक और मौका मिल गया है. बीजेपी के कई नेता लगातार राजस्थान सरकार की कानून व्यवस्था पर इस मामले का हवाला देते हुए सवाल उठा रहे हैं.