जानें कौन हैं राजस्थान के मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव बने वरिष्ठ आईएएस आलोक गुप्ता


जयपुर। राजस्थान में भाजपा की सरकार प्रमुख पदों पर एक-एक अफसर को बहुत ही सोच समझकर जिम्मेदारियां सौंप रही है। निर्विवाद और काबिल अफसरों को बेहतर मौके देने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। ताकि मोदी के मिशन-2024 को पूरा करने में कोई बाधा ना आए। यही कारण है कि राजस्थान के मुख्य सचिव पद पर सुधांश पंत, सीएम के अतिरिक्त मुख्य सचिव पद पर शिखर अग्रवाल जैसे काबिल अफसरों की नियुक्ति के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री की कोर टीम में एक और डायनेमिक ऑफिसर की एंट्री हो गई है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी एक निर्विवाद, ऊर्जावान, रिजल्ट ओरिएंटेड, नवाचारों के लिए पहचाने जाने वाले वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आलोक गुप्ता को लगाया गया है। 1996 बैच के आईएएस आलोक गुप्ता के संबंध में कार्मिक विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं। अब सीएमओ की टीम लगभग तय हो चुकी है। 

हालांकि हाल ही में आई आईएएस लिस्ट में आलोक गुप्ता को पहले प्रमुख शासन सचिव, ऊर्जा विभाग लगाया गया था लेकिन अब उन्हें पदस्थापित प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री राजस्थान के रूप में किया गया है। इंफोर्मेशन एंड टैक्नाॅलोजी, कमर्शियल टैक्स डिपार्टमेंट, डीओपी, एज्यूकेशन, पर्यटन विभाग, आरपीएससी, माइंस एंड मिनरल्स जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों में कार्य का लम्बा प्रशासनिक अनुभव रखते हैं। इसके अलावा फिल्ड पर भी मजबूत प्रशासनिक पकड़ वाले अधिकारी माने जाते हैं। 

IAS ALOK GUPTA, CM BHAJAN LAL

डूंगरपुर, नागौर, बीकानेर, झुंझुनूं जिला कलेक्टर रहते हुए इनके कार्य को काफी प्रशंसा मिली और इनके रहते फाइलों की पैंडेंसी को कम किया गया। फाइलों को अटकाने, उलझाने या देरी करने, टालमटोल की प्रवृति से अलग आलोक गुप्ता की छवि एक सुलझे हुए, सकारात्मक और विकासात्मक सोच वाले अफसर के रूप में है। 

समय प्रबंधन और समयबद्ध परिणाम देने में विश्वास रखने वाले आलोक गुप्ता सरकारी नियमों और कार्यविधियों के अच्छे जानकार हैं। उनके करीबी बताते हैं कि शांत स्वभाव के आलोक गुप्ता एक कार्यकुशल और कुशल व्यवहार वाले अधिकारी हैं, जिससे ब्यूरोक्रेसी में उनका विशेष सम्मान भी है। 

माना जा रहा है कि सीएमओ में आलोक गुप्ता की एंट्री से पहली बार सीएम बने भजनलाल को अब प्रशासन के बेहतर संचालन में और मजबूती मिलेगी। जिसका असर आने वाले दिनों में भी साफ देखा जा सकेगा।