जानें कौन है बिंद्यारानी देवी? जिन्हें प्रधानमंत्री ने दी बधाई


नई दिल्ली। 23 वर्षीय बिंद्यारानी देवी का पूरा नाम बिंद्यारानी देवी सोरखाईबाम है। 27 जनवरी 1999 को मणिपुर में जन्मीं बिंद्यारानी देवी ने बेहद छोटी उम्र में साउथ एशियन गेम्स 2019, विश्व युवा चैम्पियनशिप 2016, विश्व भारोत्तोलन चैम्पियनशिप 2021 सहित कई बड़ी भारोत्तोलन प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन किया। बिंद्यारानी देवी ने साल 2019 में समोआ में आयोजित कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में क्लीन एंड जर्क स्पर्धा में स्वर्ण पदक और साल 2021 में ताशकन्त में आयोजित कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में रजत पदक अपने नाम किया। 

इस बीच एक बार फिर बिंद्यारानी देवी चर्चा में है। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में रजत पदक जीतने पर भारोत्तोलक बिंद्यारानी देवी को बधाई दी है। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा; "सीडब्ल्यूजी, बर्मिंघम में रजत पदक जीतने के लिए बिंद्यारानी देवी को बधाई। यह उपलब्धि उनके लगन की अभिव्यक्ति है और इसने प्रत्येक भारतीय को बहुत खुशी दी है। मैं भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।"

बता दें कि पहले भारत की स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने 49 किग्राभार वर्ग में कुल 201 किग्रा वजन उठाकर भारत को 22वें राष्ट्रमंडल खेलों में पहला स्वर्ण पदक दिलाया। इसके बाद बिंद्यारानी देवी ने महिलाओं के 55 किग्राभार वर्ग में कुल 202 किग्रा भार उठाकर रजत पदक अपने नाम किया।