मध्य प्रदेश. सतना जिले में किडनी स्टोन के इलाज के दौरान एक युवक की मौत के बाद गंभीर हंगामा खड़ा हो गया। पन्ना जिले के देवेंद्रनगर निवासी रवि रजक को किडनी में पथरी की शिकायत थी, जिसके इलाज के लिए परिजन उसे सतना के मुख्तियारगंज स्थित पाठक नर्सिंग होम लेकर पहुंचे थे। जांच के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी और 4 अप्रैल को करीब पांच घंटे तक सर्जरी की गई। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने लापरवाही बरती और जिस किडनी का इलाज किया जा रहा था, उसके अलावा दूसरी स्वस्थ किडनी पर भी कट लगा दिया, जिससे मरीज की हालत बिगड़ गई।
परिजनों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद जब स्थिति गंभीर हुई तो डॉक्टरों ने आनन-फानन में टांका लगाकर मरीज को रीवा के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां जांच में सामने आया कि दूसरी किडनी पर गहरा कट था और लगातार खून बहने तथा संक्रमण के कारण उसे भी निकालना पड़ा। इसके बाद मरीज की हालत और बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने पहले कोलगवां थाना के पास शव रखकर हाईवे जाम कर दिया, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर खुलवाया। इसके बाद परिजन पाठक अस्पताल के बाहर शव रखकर धरने पर बैठ गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई और हालात को नियंत्रित करने के लिए तीन थानों की पुलिस को तैनात करना पड़ा।
मृतक के पिता गिरधारीलाल रजक ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को केवल मामूली पथरी की समस्या थी, लेकिन डॉक्टरों की लापरवाही ने उसकी जान ले ली। उन्होंने डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, डॉ. राजीव पाठक और डॉ. राजीव सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों का यह भी कहना है कि उन्होंने चार दिन पहले ही सीएमएचओ को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, रीवा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अक्षय श्रीवास्तव ने बताया कि जब मरीज को वहां भर्ती किया गया, तब उसकी किडनी काम करने की स्थिति में नहीं थी और वहां केवल डायलिसिस किया गया।
करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन और कई दौर की बातचीत के बाद प्रशासन, डॉक्टरों और परिजनों के बीच समझौता हुआ। अंततः 5 लाख रुपए के चेक और 50 हजार रुपए नकद तात्कालिक सहायता देने पर सहमति बनी, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। साथ ही प्रशासन ने आश्वासन दिया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।