कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस की रैली में मंच पर...'लैला में लैला..' गाने पर जमकर लगे ठुमके


झारखंड। केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ एक ओर जहां पूरे देशभर में किसान आंदोलन कर रहे हैं। विपक्षी दल सड़कों पर हैं वहीं दूसरी ओर झारखंड में एक नया ही नजारा देखने को मिला। जहां पर किसान आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस द्वारा एक जन आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। लेकिन कांग्रेस की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मंच पर 'लैला मैं लैला... ऐसी मैं लैला...' गाने पर जमकर ठुमके लगे। इतना ही नहीं मंच पर बैठे नेताओं से लेकर भीड़ में बैठे कार्यकर्ता तक डांस का लुत्फ उठाते नजर आए। कई कार्यकर्ता तो अपने आप को रोक नहीं पाए और किसान आंदोलन के गंभीर मुद्दे को छोड़कर 'लैला में लैला...' गाने पर जमकर डांस किया। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में किसान आंदोलन के समर्थन में इस जन आक्रोश रैली का आयोजन किया गया था। इस रैली में कांग्रेस के मंच पर लड़कियों द्वारा लैला.. गाने के धुन पर किए गए डांस से बीजेपी को बैठे-बैठे मुद्दा भी मिल गया। झारखंड बीजेपी ने अपने पेज पर इस गाने का वीडियो भी शेयर किया है और अब यह डांस का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। साथ ही बीजेपी ने यह वीडियो शेयर करते हुए कांग्रेस की इस आंदोलन को लेकर गंभीरता पर भी सवाल उठाए।