बड़ी कामयाबी: पुलवामा हमले में शामिल जैश के टॉप आतंकी अदनान को कश्मीर में सुरक्षाबलों ने मार गिराया, तालिबानियों के लिए भी करता था काम


जम्मू-कश्मीर. सुरक्षाबलों को जम्मू-कश्मीर में एक बड़ी कामयाबी मिली है. यहां जैश ए मोहम्मद का पुलवामा अटैक का टॉप पाकिस्तानी आतंकवादी मार गिराया गया है. मारा गया आतंकी अबू सैफुल्ला, जिसे अदनान, इस्माइल और लंबू के नाम से भी जाना जाता है और 2017 से ही घाटी में सक्रिय था, पुलवामा जिले के त्राल के हंगलमर्ग में एक एनकाउंटर के दौरान एक अन्य आतंकवादी के साथ मारा गया. मारा गया आतंकी मसूद अजहर का भी काफी करीबी था. 

सुरक्षाबलों के मुताबिक मारा गया आतंकी 14 फरवरी, 2019 को हुए पुलवामा आतंकी हमले के साथ कई अन्य आतंकी हमलों में भी सक्रिय रहा था. मारा गया आतंकी अदनान पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद संगठन में रऊफ अजहर, मौलाना मसूद अजहर और अम्मार का एक मजबूत सहयोगी था. सूत्रों की मानें तो वह IED का विशेषज्ञ था. अफगानिस्तान में भी तालिबान के साथ आतंकी हमलों में उसकी भूमिका थी. 2019 के पुलवामा हमले में भी इसी का उपयोग किया गया था, जिसमें भारत के करीब 40 जवान शहीद हो गए थे. 

मारा गया आतंकी अदनान तल्हा सैफ और उमर का करीबी रहा है, जो पहले ही मारे जा चुके हैं. जैश संगठन को फिर से स्थापित, सक्रिय और मजबूत करने की कोशिश कर रहा था. नए आतंकवादी समूहों की भर्ती का भी काम उसके पास था.