न्यूयॉर्क में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिलीप चौहान सम्मानित


न्यूयॉर्क (अमेरिका). भारत की तरह ही अब दीपावली स्नेह मिलन समारोह के आयोजनों का दौर अमेरिका में भी शुरु हो गया है. अमेरिका में रह रहे भारतियों के सहयोग से स्थानीय लोग ऐसे आयोजन कर रहे हैं और बड़े ही उत्साह से शामिल हो रहे हैं. इसका मुख्य मकसद अप्रवासी भारतियों को अपनी संस्कृति से जोड़े रखना और स्थानीय लोगों से सामंजस्य स्थापित कर विकास के नए आयाम स्थापित करना है. इसी कड़ी में न्यूयॉर्क में जैकसन हाइट मर्चेंट एसोसिएशन की ओर से ग्रांड दिवाली मेले का आयोजन कल्पना चावला मार्ग पर किया गया. जिसमें बड़ी संख्या में अप्रवासी भारतियों के साथ स्थानीय लोग शामिल हुए. कार्यक्रम में कौंसुल ब्रुकलिन बोरो के अध्यक्ष एरिक एडम्स, काउंसिल मैंबर डैनियल ड्रोम, असेंबली वूमन कैटालिना क्रूज, नासाउ काउंटी के पूर्व उप नियंत्रक दिलीप चौहान, स्थानीय सामुदायिक बोर्ड के जिला प्रबंधक गियोवाना ए रीड मौजूद रहे. इस मौके पर पूर्व उप-नियंत्रक दिलीप चौहान को जैक्सन हाइट मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल कुमार ने दक्षिण एशियाई समुदाय के न्यूयॉर्क में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया.