रिश्वतखोरी की ओवर डोज पड़ी भारी, ड्रग इंस्पेक्टर 5 हजार की रिश्वत लेते ट्रेप


जयपुर. मेडीकल स्टोर संचालक से निरीक्षण रिपोर्ट में कोई कमी ना निकालने की एवज में 5 हजार रूपए की रिश्वत लेते जयपुर में ड्रग इंस्पेक्टर सिंधु कुमारी को एसीबी ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. एसीबी डीजी बीएल सोनी, एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में एएसपी बजरंग सिंह शेखावत, सीआई प्रिया व्यास एवं उनकी टीम ने यह कार्यवाही की.

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि ए.सी.बी. की विशेष अनुसंधान इकाई, जयपुर को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसके मेडीकल स्टोर के किये गये निरीक्षण की रिपोर्ट में कोई कमी नहीं निकालने की एवज में सिन्घु कुमारी आषधि निरीक्षक (ड्रग इन्सपेक्टर) आषधि नियन्त्रण संगठन, सेठी काॅलोनी, जयपुर द्वारा 10 हजार रूपये रिश्वत राशि की मांग कर परेशान किया जा रहा है।
जिस पर एसीबी की विशेष अनुसंधान इकाई, जयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बजरंग सिंह शेखावत के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज पुलिस निरीक्षक प्रिया व्यास एवं उनकी टीम के साथ ट्रेप कार्यवाही करते हुये सिन्घु कुमारी औषधि निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर) औषधि नियन्त्रण संगठन, सेठी काॅलोनी, जयपुर को परिवादी से 5 हजार रू. की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

उल्लेखनीय है कि आरोपी औषधि निरीक्षक द्वारा शिकायत के सत्यापन के दौरान ही परिवादी से रिश्वत के रूप में 5 हजार रूपये की रिश्वत राशि वसूल कर लिये थे। एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम.एन. के निर्देशन में आरोपिया से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।