चीन के कोविड केसों को लेकर भारतीयों को घबराने की ज़रूरत नहीं : अदार पूनावाला


नई दिल्ली। चीन में कोरोना केसों की बढ़ती तादाद को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने बुधवार को कहा कि भारत के शानदार वैक्सीनेशन कवरेज और ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए जनता को इस महामारी के फैलाव से घबराने से ज़रूरत नहीं है। हालांकि उन्होंने लोगों से आग्रह भी किया कि भारत सरकार द्वारा तय की गई गाइडलाइन का पालन करें। उल्लेखनीय है कि अदार पूनावाला, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं, जो कोविड-19 की वैक्सीन कोविशील्ड का निर्माण करती है। ट्विटर पर एक पोस्ट में अदार पूनावाला ने लिखा कि कोविड केसों के बढ़ने की चीन से आ रही ख़बर चिंताजनक है, लेकिन हमें घबराना नहीं चाहिए, क्योंकि हमारा वैक्सीनेशन कवरेज और ट्रैक रिकॉर्ड शानदार है। हमें भारत सरकार एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय पर भरोसा बनाए रखना होगा और उनके द्वारा तय की गई गाइडलाइन का पालन करते रहना होगा।