जयपुर। इंटरनेट पर दिखने वाला खूबसूरत चेहरा किसी पाकिस्तानी एजेंट का हो सकता है। सावधान रहें वरना एक बार फंसने के बाद आपको बचाने वाला कोई नहीं मिलेगा। ऐसा ही एक मामला राजस्थान में सामने आया है।
राजस्थान इंटेलिजेंस की राज्य विशेष शाखा ने सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया जो हनी ट्रैप का शिकार होने के बाद भारतीय सेना की खूफिया जानकारी पाकिस्तानी एजेंसी को भेज रहा था। जांच के बाद इंटेलिजेंस ने सेना के जवान प्रदीप कुमार को गिरफ्तार किया है।
राजस्थान के इंटेलिजेंस के डीजी उमेश मिश्रा ने बताया, हमें सूचना मिली कि जोधपुर रेजीमेंट में तैनात सेना का जवान प्रदीप कुमार सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से संपर्क में है। सीआईडी इंटेलिजेंस ने प्रदीप पर नजर रखी। इस दौरान पता चला कि प्रदीप पाक एजेंसी की एक महिला एजेंट से व्हाट्सएप के जरिए लगातार बात कर रहा है। वह सोशल मीडिया के जरिए सेना की जानकारी महिला एजेंट को भेज रहा था। 18 मई को हिरासत में लेकर प्रदीप को जयपुर लाया गया। पूछता के बार उसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। बहरहाल सेना अपने स्तर पर भी इस पूरे मामले की जांच कर रही है।