दिल्ली। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के जो मामले सामने आए हैं वह थोड़ी राहत देने वाले हैं। रविवार की सुबह जहां 24 घंटों में 4,03,738 नए संक्रमण के मामले सामने आए थे, और 4,092 लोगों की जान गई थी।
वहीं मंगलवार सुबह यह आंकड़ा करीब 70 हजार से ज्यादा घटकर 3, 29, 942 हो गया। हालांकि सोमवार को भारत में 24 घंटे में COVID19 के 3,66,161 नए मामले सामने आए थे, जिसका कारण संडे फैक्टर बताया जा रहा था।
लेकिन आज जो सरकारी आंकड़े सामने आए हैं वो थोड़े राहत देने वाले कहे जा सकते हैं। महज 2 दिनों में यह आंकड़ा प्रतिदिन करीब 70000 तक कम हो गया है।
अब COVID19 के 3,29,942 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,29,92,517 हो गई है, वहीं 3,876 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 2,49,992 हो गई है। 3,56,082 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 1,90,27,304 हुई। अब देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 37,15,221 है।
डिस्चार्ज होने वालों में महाराष्ट्र, यूपी, गुजरात, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और दिल्ली के 74 फीसदी मरीज है.
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 25,03,756 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 17,27,10,066 पहुंच गया है।