भारत में पिछले 24 घंटों में 6,148 कोरोना मोतें बढ़ीं! क्या है हक़ीकत?


नई दिल्ली। भारत में 1 दिन में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या में अचानक इजाफा हो गया है और 1 दिन में सर्वाधिक मौतों का रिकॉर्ड दर्ज किया गया है।

भारत में कोरोना संक्रमण की शुरुआत से अब तक किसी भी दिन इतनी मौतों का आंकड़ा सामने नहीं आया था। हालांकि, इसमें 3900 पुरानी मौतें हैं। जो पहले दर्ज नहीं की गई थी और उन्हें एक साथ पिछले 24 घंटे में जोड़ा गया।

बता दें कि कोरोना से एक दिन में मौतों का यह आंकड़ा इसलिए बढ़ा है क्योंकि बिहार ने अपना डेटा रिवाइज किया। बिहार में कोरोना से मौतों के 3900 पुराने मामलों को भी बीते एक दिन में गई जानों में जोड़ दिया गया है। इसके चलते यह आंकड़ा काफी बड़ा दिख रहा है। यदि बिहार के 3,900 केसों को हटा दें तो देश में पिछले एक दिन में 2248 लोगों की मौत हुई।

भारत में COVID19 के 94,052 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,91,83,121 हो गई है। 6,148 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 3,59,676 पहुंच गई है। 1,51,367 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 2,76,55,493 हुई। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 11,67,952 हो गई है।