श्रीनगर में लगभग 586 करोड़ रूपए की लागत वाली 84 विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया


नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज श्रीनगर में लगभग 586 करोड़ रूपए की लागत वाली 84 विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में जम्मू और कश्मीर की विकास यात्रा में आज एक नया मुकाम हासिल हुआ है। उन्होंने कहा कि आज यहां लगभग 586 करोड़ रूपए के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन हुआ है जिनसे लगभग 22 लाख लोगों को किसी ना किसी प्रकार से फायदा होगा औऱ उनकी रोज़मर्रा की ज़िन्दगी आसान बनेगी। श्री शाह ने कहा कि जब एक घर में शुद्ध पीने का पानी पहुंचता है तो उससे ना सिर्फ घर की महिला की दूर से पानी लाने की दिक्कत दूर होती है बल्कि पूरे परिवार के स्वास्थ्य में भी गुणात्मक सुधार होता है। इसी प्रकार, देश के बाकी हिस्सों की तरह आधुनिक शिक्षा से घाटी के बच्चे महरूम ना हों, इसके लिए 100 स्कूलों का आधुनिकीकरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने जम्मू और कश्मीर की जनता के लिए आमूलचूल परिवर्तन कर जम्मू और कश्मीर, विशेषकर घाटी को, खुशहाल जीवन जीने का अधिकार देने का फैसला किया। श्री अमित शाह ने कहा कि पूरे जम्मू और कश्मीर में किसी भी नागरिक के 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य का खर्चा मोदी सरकार उठा रही है। उन्होंने कहा कि देशभर में ये योजना सिर्फ गरीबों के लिए लागू हुई है और जम्मू और कश्मीर के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के साथ सेहत को भी जोड़ कर यहां के हर नागरिक को कवर किया है। उन्होंने कहा कि जम्मू और कश्मीर में एक लोकाभिमुख शासन को पिछले 5 सालों में ज़मीन पर उतारने का काम मोदी जी के नेतृत्व में हुआ है। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि जम्मू और कश्मीर में पिछली सरकारों के शासन के दौरान लोकतंत्र सिर्फ 80-85 लोगों के घेरे तक सीमित था और 3 परिवार लोकतंत्र पर कब्ज़ा करके बैठे थे। उन्होंने कहा कि ये लोग पंचायत के चुनाव नही होने देते थे, पंच-सरपंच नहीं बनने देते थे औऱ तहसील और ज़िला पंचायत नहीं बनने देते थे। श्री शाह ने कहा कि जम्मू और कश्मीर में लोकतंत्र तो अब आया है जब यहां 35 हज़ार चुने हुए प्रतिनिधि अपने गांव, तहसील औऱ ज़िले का भविष्य खुद तय कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहीं से इन्हीं लोगों में से आने वाले दिनों में एमपी, एमएलए और नए नेता भी निकलेंगे। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर में पंचायतीराज को जमीन पर उतार कर लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने का काम किया है। श्री शाह ने कहा कि अब ये तीन परिवारों के शासन वाला जम्मू और कश्मीर नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने जम्मू और कश्मीर में पंचायतीराज की जो शुरूआत की है वो यहां हमेशा के लिए एक वास्तविकता बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि ये परिवर्तन तब होता है जब लोकतंत्र के प्रति मन में लगाव हो और इस लगाव के साथ ही मोदी जी ने यहां परिवर्तन किया है।