रैगिंग के नाम पर सीनियर्स ने लड़के और लड़की को जबरन 'किस' कराया, 5 छात्र हिरासत में


ओडिशा में एक कॉलेज में रैगिंग के नाम पर नाबालिग लड़की और लड़के को जबरन 'किस' करने के लिए मजबूर किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सीनियर्स फर्स्ट ईयर की एक लड़की और लड़के को आपस में 'किस' करने के लिए मजबूर कर रहे हैं। एक सीनियर पास कुर्सी पर बैठा है, उसके हाथ में एक डंडा है। वो लड़के को थप्पड़ मार रहा है और लड़की को 'किस' करने को मजबूर कर रहा है। वहां करीब 20 अन्य सीनियर स्टूडेंट भी मौजूद है, जिनमें कुछ छात्राएं भी हैं। हैरानी की बात यह है कि छात्राएं भी इसका विरोध करने के बजाय हंसती नजर आ रही हैं। पुलिस ने यौन उत्पीड़न में शामिल पांच स्टूडेंट्स को हिरासत में लिया है। इनमें से दो छात्र नाबालिग हैं। पुलिस ने रैगिंग और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, कॉलेज प्रशासन ने घटना में शामिल 12 छात्रों को निष्कासित कर दिया है।