गुजरात के गांधीनगर में डेफएक्सपो-2022 के दौरान हाइब्रिड सेमिनार आयोजित किए जाएंगे


गुजरात।

रक्षा मंत्रालय 18-22 अक्टूबर, 2022 के बीच गांधीनगर, गुजरात में प्रतिष्ठित द्विवार्षिक रक्षा प्रदर्शनी के 12वें संस्करण-डेफएक्सपो 2022 का आयोजन कर रहा है। यह मेगा रक्षा प्रदर्शनी जल, थल,वायु और मातृभूमि सुरक्षा प्रणालियों पर केंद्रित है। भारत सरकार, 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' की नीतिगत पहल के साथ, यह मानती है कि देश में अपने कई मित्र राष्ट्रों के लिए पूर्ण रक्षा समाधान का प्रमुख आपूर्तिकर्ता बनने की जबरदस्त क्षमता है।

कार्यक्रम के दौरान सेमिनार महात्मा मंदिर सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र, गांधीनगर में हाइब्रिड (ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ) प्रारूप में आयोजित किए जाएंगे, जिससे वक्ताओं के साथ-साथ दर्शकों को भी ऑनलाइन भाग लेने में मदद मिलेगी। इन्हें दुनिया भर में प्रसारित किया जाएगा। प्रमुख उद्योग संघों, थिंक टैंकों, भारतीय रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं, सेवा मुख्यालयों (एसएचक्यू), रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ), गुणवत्ता आश्वासन महानिदेशालय (डीजीक्यूए), नागरिक उड्डयन मंत्रालय और राज्य सरकारों आदि द्वारा सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।

इन संगोष्ठियों का विषय मोटे तौर पर रक्षा स्टार्ट-अप और एमएसएमई में निर्यात, वित्तपोषण और निवेश, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी निर्माण और एमआरओ में एमएसएमई की उभरती भूमिका, रक्षा अनुसंधान एवं विकास में आत्मनिर्भरता, वायु प्रभुत्व के लिए भविष्य की स्वचालित प्रौद्योगिकी आदि को कवर करेगा। रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय विशेषज्ञ विभिन्न संगोष्ठियों के वक्ता हैं।