कलयुग की पत्नी! बेटे के साथ मिल पति के 10 टुकड़े किए, फ्रिज में रखा, कई दिन तक फेंकते रहे, 6 टुकड़े बरामद


नई दिल्ली। दिल्ली में श्रद्धा मर्डर जैसी ही वारदात का खुलासा हुआ है। करीब पांच माह पहले हुई इस वारदात में महिला ने बेटे के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर उसके 10 टुकड़े किए, उन्हें फ्रिज में रखा और कई दिन तक आसपास के इलाकों में उन्हें फेंकती रही। त्रिलोकपुरी में हुए हत्याकांड का सोमवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया।

दिल्ली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जिसकी हत्या की गई उसका नाम अंजन दास है, जो त्रिलोकपुरी में रहता था। हत्या की आरोपी महिला का नाम पूनम है, वह अंजन की दूसरी पत्नी है। बेटे का नाम दीपक है, जो अंजन का सौतेला बेटा है। मां और बेटे को अरेस्ट कर लिया गया है। सोमवार को ही 2 सीसीटीवी फुटेज सामने आए। इसमें बेटा बैग में टुकड़े ले जाता दिखाई दे रहा है और मां भी पीछे दिख रही है। पुलिस ने कुछ फोटोज भी जारी किए हैं, जो मृतक के बॉडी पार्ट्स के हैं।

पुलिस ने 6 टुकड़े बरामद किए हैं। इनमें सिर भी है। पूनम और दीपक से पूछताछ करने पर दोनों ने हत्या की पूरी कहानी बताई। पूनम को शक था कि बेटे दीपक की पत्नी और उसकी एक तलाकशुदा बेटी पर अंजन बुरी नजर रखता है। यह बेटी पूनम के साथ ही रह रही थी। अंजन पर बुरी नीयत का शक होने पर पूनम और दीपक ने मार्च-अप्रैल में हत्या की साजिश रची। 30 मई को दोनों ने अंजन को शराब पिलाई। जिसमें नींद की गोलियां मिली थीं। बेहोश होने के बाद अंजन के गले और शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से वारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद पूरी रात इन दोनों ने शव को वहीं छोड़ दिया। अगले दिन घर से खून साफ किया। फिर लाश के 10 टुकड़े किए। इन्हें फ्रिज में रखा। तब घर में पेंट करवाया ताकि बदबू को दबाया जा सके। पूनम और दीपक रोज रात को लाश के टुकड़े बैग में भरकर पांडव नगर और आसपास के इलाकों में फेंकने जाते थे। 8-10 दिन तक ये सिलसिला चला। अंजन के सिर को गड्ढा बनाकर गाड़ दिया।

पेट्रोलिंग के दौरान झाड़ियों से बदबू आने पर शुरू हुई जांच

पुलिस के अनुसार 5 जून को दिल्ली पुलिस पांडव नगर में पेट्रोलिंग कर रही थी। इस दौरान झाड़ियों से बदबू आने पर पेट्रोलिंग टीम ने थाने में जानकारी दी। आसपास सर्च करने पर टीम को एक बैग में इंसानी शव के टुकड़े मिले। शव के टुकड़े बुरी तरह सड़ चुके थे और इस वजह से इनकी पहचान मुश्किल हो गई थी। जांच अधिकारी ने आसपास के थानों में जाकर पता किया कि कोई गुमशुदा तो नहीं था। इस दौरान अंजन दास के लापता होने की खबर मिली। पता चला कि वह त्रिलोकपुरी में पूनम और दीपक के साथ रहता था। इन दोनों ने अंजन के गायब होने की रिपोर्ट भी कहीं नहीं की थी।