हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय हो गया है। शुरुआती रुझानों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर थी लेकिन बाद में कांग्रेस ने बड़ी बढ़त बना ली। हिमाचल में जीत को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की निर्णायक जीत के लिए हिमाचल प्रदेश की जनता का दिल से धन्यवाद। मैं विश्वास दिलाता हूं कि हिमाचल प्रदेश की जनता से किया गया हर वादा जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। रुझानों में जहां कांग्रेस को 40 और भाजपा को 25 सीटें मिल रही है वहीं अन्य को 3 सीट मिल सकती हैं। अब तक आए नतीजों में भाजपा को 13 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, कांग्रेस ने अब तक 17 सीटों पर कब्जा जमा लिया है। जबकि तीन सीटों पर निर्दलीयों ने कब्जा किया है। हिमाचल विधानसभा चुनाव में जीत को लेकर कांग्रेस ने अपनी आधिकारिक इंस्टाग्राम आईडी पर प्रतिक्रिया साझा की है जिसमें लिखा है कि यह जीत आप सबकी है। धन्यवाद हिमाचल प्रदेश।