बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन के खिलाफ कोर्ट ने बलात्कार का मामला दर्ज कर 3 माह में जांच पूरी करने के आदेश दिए


नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। पहले बिहार राज्य सरकार से मंत्री पद जाने के बाद में उनको भाजपा संसदीय बोर्ड की समिति से विदा कर दिया गया। वहीं अब दिल्ली हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ एक पुराने मामले में बलात्कार का मामला दर्ज कर तीन माह में रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए हैं।

केंद्र और बिहार सरकार में मंत्री रहे बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन को यह बड़ा झटका लगा है। दरअसल, दिल्ली हाईकोर्ट ने एक पुराने मामले में पुलिस को शाहनवाज हुसैन के खिलाफ रेप समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज करने का आदेश दिया है। इतना ही नहीं कोर्ट ने पुलिस को इस मामले में जांच 3 महीने में पूरी करने के लिए कहा है।

दिल्ली हाईकोर्ट में जस्टिस आशा मेनन की बेंच ने पुलिस को कुछ सालों पहले पीड़ित महिला की ओर से की गई शिकायत में केस दर्ज करने का आदेश दिया है। दिल्ली हाईकोर्ट में कहा सभी तथ्यों को देखने से स्पष्ट है कि इस मामले में FIR दर्ज करने तक में पुलिस की ओर से पूरी तरह से अनिच्छा नजर आ रही है। दिल्ली HC ने कहा कि पुलिस की ओर से निचली अदालत में पेश रिपोर्ट अंतिम रिपोर्ट नहीं थी।