बारिश का कोहराम! MP, राजस्थान, UP, हिमाचल और बिहार में पिछले 48 घंटे से भारी बारिश, डैम ओवरफ्लो, कई लोगों की गई जान


भारत के कई राज्यों में बरसात ने कोहराम मचाया है। पिछले 48 घंटों में मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल और बिहार में भारी बारिश हुई है। राजस्थान में 200 और मध्य प्रदेश में करीब 50 छोटे-बड़े डैम ओवरफ्लो हो गए हैं। उत्तर प्रदेश में गंगा खतरे के निशान के ऊपर बह रही है और बिहार में ये खतरे के निशान के करीब है। हिमाचल प्रदेश में फ्लैश फ्लड और लैंड स्लाइड की 36 घटनाओं में 22 लोगों की जान चली गई है। बारिश से मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच सड़क संपर्क टूट गया है। 

 

बात राजस्थान की करें तो यहां भी काफी बारिश हो रही है। राजस्थान के टोंक, बूंदी, कोटा शहरों में सड़कों पर कई फीट पानी भर गया है। हर तरफ जलमग्न कॉलोनिया देखने को मिल रही है।

मंगलवार के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यानी अगले 48 घंटे में बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

इस बारिश के चलते राजस्थान में 200 और MP में 50 डैम ओवरफ्लो हो गए, प्रयागराज से 50 हजार छात्रों का पलायन हुआ, वहीं पटना में घाट डूब गए। मध्य प्रदेश में हाईवे ब्लॉक हो गए, भोपाल में क्रूज डूब गया, कई फ्लाइट्स कैंसिल हो गयी। पिछले 48 घंटे से ज्यादा बारिश के चलते कई नेशनल हाईवे ब्लॉक हैं। 50 से ज्यादा डैम ओवर फ्लो हैं।

जबलपुर में बरगी डैम के 17 और नर्मदापुरम में तवा डैम के 13 गेट खोले गए हैं। बारिश की बात करें तो गुना में सबसे ज्यादा 7 इंच, सागर में 6.5 इंच, जबलपुर में 6 इंच बारिश हुई। भोपाल में 24 घंटे में 10 इंच पानी गिरा है। भोपाल में रविवार सुबह 8:30 से रात 8:30 बजे तक 12 घंटे में 4 इंच से ज्यादा बारिश हुई। सीजन में बारिश का कुल आंकड़ा 56.44 इंच पर पहुंच गया है।