जयपुर के नामी बिल्डर और अफ्रीका के कॉन्गो गवर्नमेंट के चीफ एडवाइजर रहे हरीश जगतानी पर शिकंजा


जयपुर। राजस्थान में बड़ा कारोबार करने वाले कई नामी बिल्डर्स पर इनकम टैक्स विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।इसमें बड़ा चौंकाने वाला मामला जयपुर के रहने वाले और कांगो सरकार के चीफ एडवाइजर रहे बिल्डर हरीश जगतानी का नाम चर्चा में है। छापे में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार को अफ्रीका के कॉन्गो गवर्नमेंट के चीफ एडवाइजर (मुख्य सलाहकार) रहे हरीश जगतानी को दिल्ली स्थित एक होटल से पकड़ा है। मिली जानकारी के मुताबिक जगतानी कॉन्गो के प्रतिनिधि दल के साथ इंडिया आए हुए थे। डिपार्टमेंट की प्रारंभिक जांच में सामने आया है की हरीश जगतानी ने भारी भरकम ब्लैकमनी का निवेश जयपुर के बिल्डर्स ग्रुप से जुड़े प्रोजेक्ट में किया है। और बड़ी राशि का हेरफेर हुआ है। सूत्रों की मानें तो हरीश के मोबाइल को सर्विलांस पर लेकर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम रविवार सुबह पकड़ने पहुंची। अफसरों को देखकर हरीश जगतानी ने होटल से भागने की कोशिश की। टीमों ने घेराबंदी कर जगतानी को पकड़ लिया। टीम उसे दिल्ली से जयपुर लेकर आई है। अब जगतपुरा स्थित हरीश जगतानी के महल जैसे आलीशन घर में पूछताछ की जा रही है। बता दें कि जयपुर निवासी हरीश जगतानी कॉन्गो के सबसे बड़े एचजे ग्रुप ऑफ कंपनीज के साथ-साथ कई देशों में हॉस्पिटिलिटी क्षेत्र में काम करते हैं। एचजे फाउंडेशन कॉन्गो की सबसे बड़ी रिएल एस्टेट कंपनियों में शामिल है। शेयर बाजार में लिस्टेड मॉडर्न कंस्ट्रक्शन कंपनी के साथ कॉन्गो की एयरलाइंस कंपनी SERVE AIR का मालिक है। हरीश जगतानी ग्रुप ऑफ कंपनीज का नेटवर्क कई देशों में फैला हुआ है। हरीश जगतानी ने यह सफलता बहुत ही कम समय में प्राप्त की है और माना जा रहा है इन सब के पीछे बड़ा कारण विदेशी फंडिंग है।