ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग का ग्राम विकास अधिकारी सुरेश मीना 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार


श्रीगंगानगर। एक तरफ राजस्थान सरकार और राजस्थान के ग्रामीण विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग के मंत्री रमेश मीणा विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टोलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं और दूसरी तरफ भ्रष्टाचार रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है।

भ्रष्टाचार के एक मामले में राजस्थान एसीबी की टीम ने श्रीगंगानगर में ग्राम विकास अधिकारी को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर गंगानगर प्रथम इकाई द्वारा आज कार्यवाही करते हुये सुरेश मीणा, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत लखा हाकम, पं.स. रायसिंहनगर, जिला श्रीगंगानगर को परिवादी से 10 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि एसीबी की गंगानगर प्रथम इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसके तीन प्लॉटों के पट्टा नवीनीकरण व इंतकाल दर्ज करने की एवज में सुरेश मीणा ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत लखा हाकम, पं.स. रायसिंहनगर, जिला श्रीगंगानगर द्वारा 15 हजार रूपये की रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है। जिस पर एसीबी, बीकानेर के पुलिस अधीक्षक गगनदीप सिंगला के सुपरवीजन में एसीबी श्रीगंगानगर प्रथम इकाई के उप अधीक्षक पुलिस भूपेन्द्र सोनी के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज उनकी टीम द्वारा कार्यवाही करते हुये सुरेश मीणा को परिवादी से 10 हजार रूपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम.एन. के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।

 

बता दें कि हाल ही में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग में लगातार हो रहे भ्रष्टाचार के मामले में मंत्री रमेश मीणा ने कई बार इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया और कई ऐसे मामलों पर और कार्यों पर लगाम भी कसी। जिसके जरिए भ्रष्टाचार सरकारी धन का दुरुपयोग और उसकी छीजत को रोकने के कई सफल प्रयास भी हुए। बावजूद इसके कई अधिकारी अभी भी रिश्वत लेने से बाज नहीं आ रहे हैं और उसी की यह एक बानगी मात्र है जहां श्री गंगानगर का ग्रामीण विकास अधिकारी रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया।