जयपुर. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान में सचिन पायलट के फिर से सत्ता के साथ आने अपने मन की बात रखते हुए कहा कि हमारे साथियों ने बीजेपी की जो दुर्गति की है वो हमेशा याद रखेंगे. और कांग्रेस पार्टी पांच साल तक शासन करेगी, अगला चुनाव कांग्रेस जीतेगी. भाजपा ने ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई का जिस बेशर्माई से इस्तेमाल किया वो जनता के सामने है.
जैसलमेर जाने से पहले जयपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान हालांकि सीएम ने सचिन पायलट से जुड़े सवालों को टाला, सीधा उन पर कुछ नहीं बोले लेकिन कहा कि जो फैसले कांग्रेस पार्टी आलाकमान ने किए हैं उसके बाद अब आगे की रणनीतियां बनेगी, उसी के अनुरुप काम होगा. मेरी कोशिश होगी कि जो विधायक गए वो किन परिस्थितियों में गए, मुझसे क्या नाराजगी थी सबकों सुनकर उनकी नाराजगी दूर करने का प्रयास करूंगा. यह मुख्यमंत्री के नाते मेरी जिम्मेदारी भी है.
गहलोत ने कहा कि बीजेपी ने अपनी गुजरात में बाड़ेबंदी के लिए तीन प्लेन बुक कराए थे लेकिन उनकी हालत यह हो गई कि एक ही प्लेन गुजरात जा सका. बीजेपी के नेताओं के षडयंत्र फेल हो गए. हमारे सौ से अधिक विधायकों का इत्ते समय तक एक साथ रहना, इस पूरे माहौल में हमारा एक भी विधायक छोड़ कर नहीं गया. यह हमारी एकजुटता को साबित करती है. इन विधायकों ने इतिहास बना दिया और मैंने साफ कहा है इन विधायकों को कि 'जब तक में जिंदा रहूंगा आपके अभिभावक के रुप में रहूंगा.' इस पूरे घटनाक्रम में बीजेपी को जो मुंह की खानी पड़ी है, वो राजस्थान के प्रदेशवासियों की असली जीत है.