करौली उपद्रव पर CM गहलोत के आदेश, 'अपराधी चाहे किसी धर्म, जाति या वर्ग का हो उसे बख्शा नहीं जाए'


जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने करौली में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद में मामले को बेहद गंभीरता से लिया है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। इसके साथ ही राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक उच्च स्तरीय बैठक भी इस मामले में ली।मुख्यमंत्री निवास पर करौली में हुई घटना के बाद के हालात की उच्च स्तरीय समीक्षा की गई।

 

CM ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी साम्प्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुचाने वाली घटना होने पर पुलिस उसमें शामिल तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। अपराधी चाहे किसी धर्म, जाति या वर्ग का हो अपराध में उसकी संलिप्तता पाये जाने पर उसे बख्शा नहीं जाए। करौली में हुई घटना की पुनरावृत्ति कहीं और नहीं हो इसके लिए पुलिस प्रो-एक्टिव होकर शांति व्यवस्था कायम रखने की दिशा में ऐहतियाती कदम उठाए। हर थाना स्तर पर हार्डकोर अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने सीएलजी की मदद से विभिन्न समुदायों के बीच शांति का माहौल कायम करने तथा कम्यूनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री  रमेश मीणा एवं गृह राज्य मंत्री राजेन्द्र सिंह यादव से भी इस घटना के बारे में फीडबैक लिया।

 

पुलिस महानिदेशक  एम.एल. लाठर ने करौली में हुई घटना एवं पुलिस द्वारा अभी तक की गई कार्यवाही के बारे में जानकारी दी। बैठक में मुख्य सचिव ऊषा शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह अभय कुमार, डीजी इंटेलीजेंस उमेश मिश्रा, एडीजी क्राइम आरपी मेहरड़ा, एडीजी कानून-व्यवस्था हवासिंह घुमरिया एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।