हमारी सरकार को गिराने के लिए पहली किस्त के 10-10 करोड़ रुपए दिए गए थे, जो अभी तक वापस नहीं लिए गए: CM गहलोत


जयपुर. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर उनकी सरकार को गिराने की साजिशों को लेकर बड़ा बयान दिया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 'हमारी सरकार गिराने के लिए पहली किस्त के 10-10 करोड़ रुपए दे रहे थे। हमारे साथ के विधायक जाते तो पहली किस्त के 10 करोड़ दे रहे थे। राजस्थान में भी सरकार गिराने की भरपूर कोशिश हुई। हमारे कुछ विधायकों को जो पैसे दिए गए थे वो अब तक वापस नहीं लिए गए हैं।' यानी साफ है मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस बयान के जरिए एक तीर से दो निशाने साधे। एक तरफ तो केंद्र की मोदी सरकार और अमित शाह के खिलाफ सरकारों को गिराने की साजिशों को लेकर यह बयान दिया, वहीं दूसरी ओर मानेसर गए पायलट कैंप के विधायकों पर निशाना साधा और इशारों इशारों में कहा कि उनको दिए गए पैसे अभी तक वापस लिए नहीं गए हैं।'