दुनिया के कई दिग्गजों को पछाड़ते हुए गौतम अडानी बने दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स, जानें अड़ानी कौन है?


मुम्बई। दिग्गज उद्योगपति गौतम अड़ानी अपनी सफलताओं और लगातार बढती जा रही कमाई से पूरी दुनिया को चौंका रहे हैं। दुनिया के कई दिग्गजों को पछाड़ते हुए गौतम अडानी दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं।

फोर्ब्स रियल टाइम बिलिनियर इंडेक्स के आकड़ों के मुताबिक शुक्रवार की दोपहर तक अडानी की कुल नेट वर्थ में 2.76 फीसदी के साथ 4.2 बिलियन का इजाफा हुआ जिसके बाद अडानी की टोटल नेट वर्थ 154.4 बिलियन डॉलर पर पहुंच गई. उधर दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क की बात करें तो शुक्रवार दोपहर तक उनकी नेट वर्थ में 789 मिलियन डॉलर का इजाफा हुआ, उनकी कुल कमाई 237.5 बिलियन डॉलर पर पहुंच गई.

बड़ी बात यह है कि फोर्ब्स की बिलिनियर लिस्ट में टॉप 10 अरबपतियों की लिस्ट में केवल अडानी और मस्क ही ऐसे हैं जिनकी नेट वर्थ में इजाफा हुआ है, शेष लोगों की कमाई में गिरावट दिखी।

बता दें कि 1962 में गौतम अडानी का जन्म भारत के अहमदाबाद में हुआ था। जो पश्चिमी राज्य गुजरात का हिस्सा है। 1980 में मुंबई में हीरा व्यापारी के रूप में काम किया। 1981 में अपने प्लास्टिक कारखाने में भाई की मदद करने के लिए अहमदाबाद लौट आए। 1988 में अपनी प्रमुख कंपनी अडानी इंटरप्राइजेज की स्थापना की। 1994 में मुंद्रा में अपनी कंपनी के कार्गो को संभालने के लिए एक बंदरगाह स्थापित करने की मंजूरी प्राप्त की। इस बीच 1997 में अडानी का अपहरण कर लिया गया था और फिरौती के लिए उन्हें बंधक भी बनाया गया था। पर वो किस्मत के धनी थे जो अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। 2007 में मुंद्रा पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन ने भारत में कारोबार शुरू किया। 2008 में मुंबई के ताज होटल में हुए हमले में भी बाल बाल बचे थे। 2009 में अडानी पावर ने भारत में कारोबार शुरू किया। और इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुडकर नहीं देखा और आज इस मुकाम पर पहुंच गए।

गौर करने वाली बात यह है कि अगर गौतम अडानी अब 150 अरब डॉलर या उससे ज्यादा का आंकड़ा छूते हैं वह एशिया के पहले ऐसे शख्स होंगे जिसने यह उपलब्धि हासिल की है। चीनी अरबपति जैक मा भी यह उपलब्धि हासिल नहीं कर सके ना हीं मुकेश अंबानी। इसके साथ ही वो दुनिया के चौथे ऐसे अरबपति होंगे जो 150 अरब डॉलर का आंकड़ा छुएंगे। उनसे पहले एलन मस्क, जेफ बेजोस, बर्नार्ड अरनॉल्ट की इस आंकड़ें को छू सके हैं।