जी20 व्यापार और निवेश कार्य समूह ने विश्व के हीरा केंद्र, भारत डायमंड बोर्स का दौरा किया


जी20 प्रतिनिधिमंडल को वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारतीय हीरा उद्योग के योगदान और उद्योग द्वारा प्रस्तुत अवसरों के बारे में जानकारी दी गयी जीजेईपीसी के अध्यक्ष ने जी20 प्रतिनिधियों को कहा, जी20 के ‘वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर के सूत्रवाक्य के हिस्से के रूप में, साथ मिलकर एक उज्जवल भविष्य का निर्माण करें भारतीय हीरा उद्योग ने आज भारत डायमंड बोर्स (बीडीबी) में जी20 व्यापार और निवेश कार्य समूह (टीआईडब्ल्यूजी) के प्रतिनिधियों की मेजबानी की। भारत डायमंड बोर्स, दुनिया का सबसे बड़ा हीरा एक्सचेंज है, जिसमें 2500 से अधिक कार्यालय हैं और जो मुंबई के एकदम मध्य में 20 एकड़ / 0.87 मिलियन वर्ग फुट क्षेत्र में फैला हुआ है। भारतीय हीरा उद्योग, कट और पॉलिश किए गए हीरों के क्षेत्र में विश्व में अग्रणी है, जो सालाना 23 बिलियन डॉलर मूल्य के हीरों का निर्यात करता है। दुनिया भर के आभूषणों के 15 में से 14 हीरे भारत में संसाधित होते हैं। भारत पूरी दुनिया में हीरे और हीरे जड़ित आभूषणों का निर्यात करता है, जिनमें संयुक्त राज्य अमेरिका, यूरोप, मध्य पूर्व, एशिया और अन्य शामिल हैं। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के सक्षम नेतृत्व में, उद्योग ने पिछले कई वर्षों में कई गुना वृद्धि दर्ज की है। आज सरकार द्वारा निरंतर समर्थन, मार्गदर्शन और व्यावहारिक व्यापार अनुकूल नीतियों के साथ, भारत ने विश्व स्तर पर रत्न और आभूषण के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी स्थिति प्राप्त कर ली है। रत्न और आभूषण का निर्यात देश से कुल व्यापारिक निर्यात का 10 प्रतिशत है। उल्लेखनीय है कि इस उद्योग में एमएसएमई कंपनियों की संख्या 85 प्रतिशत से अधिक है, जो देश की अर्थव्यवस्था के लिए इस क्षेत्र के महत्व को और अधिक रेखांकित करता है। प्रतिनिधियों को मुंबई डायमंड मर्चेंट्स एसोसिएशन (एमडीएमए), इंडिया डायमंड ट्रेडिंग सेंटर (आईडीटीसी), जेम एंड ज्वैलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (जीजेईपीसी), जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (जीआईआई), प्रेशियस कार्गो कस्टम्स क्लीयरेंस सेंटर (पीसीसीसीसी) के कार्यालयों के साथ-साथ सुरक्षा कमान और नियंत्रण केंद्र सहित भारत डायमंड बोर्स परिसर के भीतर उपलब्ध विश्व स्तरीय सुविधाओं का दौरा कराया गया। हीरे के व्यापार और उसके संचालन के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए, जी20 के प्रतिनिधियों ने मोहित डायमंड, श्री रामकृष्ण एक्सपोर्ट्स, महेंद्र ब्रदर्स, वीनस ज्वेल, फाइनस्टार ज्वैलरी एंड डायमंड्स, अंकित जेम्स और धर्मनंदन डायमंड्स का दौरा किया।