देर रात नाहरगढ़ घूमने निकले दोस्त, बेकाबू स्कॉर्पियो से 500 फीट नीचे खाई में गिरी, एक की मौत, 4 घायल


जयपुर। नाहरगढ़ पहाड़ी की घुमावदार सड़क पर तेज दौड़ती स्कॉर्पियो बुधवार देर रात करीब तीन बजे 500 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि कार सवार अन्य चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक्सीडेंट के धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। सभी दोस्त नाहरगढ़ घूमने के लिए देर रात को ही ऊपर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार स्थानीय लोगों की सूचना के बाद करीब चार बजे रेस्क्यू शुरू हुआ। गहराई और अंधेरा अधिक होने के कारण टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू मेंबर्स ने बताया कि गाड़ी पूरी तरह से चकनाचूर हो गई थी और एक युवक बुरी तरह से फंसा हुआ था। घायलों को टीम ने रस्सियों के सहारे सड़क तक पहुंचाया। रेस्क्यू के बाद गंभीर घायलों को सवाई मानसिंह हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। पुलिस के अनुसार एक्सीडेंट की जानकारी सुबह करीब 3:30 बजे उन्हें सूचना मिली थी। इस हादसे में जयपुर के देशराज (28) की मौत हो गई। वहीं, कोटपुतली के रहने वाले दिनेश जाट (25), विक्रम कुमावत (22), संजय जाट (30) और यतेन्द्र आर्य (35) का इलाज चल रहा है। रेस्क्यू टीम के अनुसार चारों घायल पहाड़ी पर अलग-अलग जगह पड़े मिले। वहीं, मृतक देशराज मीणा कार में फंसा हुआ मिला। कार को कटर से काटकर देशराज को बाहर निकाला गया। मृतक देशराज घाटगेट (जयपुर) फायर ऑफिस में फायरमैन की पोस्ट पर था। कार के पीछे की सीट पर बैठे यतेन्द्र आर्य ने बताया कि वह महेश नगर में रहकर कॉम्पिटीशन की तैयारी कर रहा है। अपने दोस्त संजय जाट के साथ कार में नाहरगढ़ गया था। इस दौरान नीचे उतरते समय वह दिनेश को बोल रहा था कि कार को धीरे चला। इसी दौरान कार असंतुलित होकर नीचे गिर गई।