गणतंत्र दिवस पर सीजीएसटी आयुक्तालय में ध्वजारोहण


अलवर। सूर्यनगर स्थित सीजीएसटी आयुक्तालय, अलवर में 76वां गणतंत्र  दिवस  समारोह हर्ष, उल्लास और धूमधाम से मनाया गया। सीजीएसटी आयुक्त सुमित कुमार यादव ने विशिष्ट अतिथि  रेमन  मैग्सेसे पुरुस्कार,  जमनालाल बजाज पुरस्कार, "पानी के लिए नोबेल पुरस्कार (स्टॉकहोम जल पुरस्कार) और देश विदेश में अनेक सम्मान प्राप्त डॉ. राजेंद्र सिंह  भारत के जल- पुरुष डॉ राजेंद्र सिंह और  सुप्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अंजनी कुमार शर्मा के साथ परेड की सलामी ली और ध्वज फहराया। परेड का नेतृत्व निरीक्षक रविकान्त ने किया। कार्यक्रम में अलवर में कार्यरत और सेवानिवृत अधिकारी, कर्मचारी, परिजन और अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की थीम स्वच्छता ही सेवा, पर्यावरण  और स्वास्थ्य रही। जिसके अंतर्गत इन नामी हस्तियों ने पधार कर कार्यक्रम का गौरव बढाया। 

डॉ. राजेंद्र सिंह ने जल और पर्यावरण  संरक्षण, सतत कृषि और ग्रामीण विकास को बढ़ावा, जलवायु परिवर्तन और अनुकूलन, "ग्राम स्वराज" स्वास्थ्य, कृषि, आजीविका, सामुदायिक कल्याण और शिक्षा सहित विकास के हर क्षेत्र को  पानी को जोड़कर, जल प्रबंधन-संचयन  में जन जन की सहभागिता और प्रकृति से मिली चीजों के सदुपयोग  की आवश्कता बताई और अपनी यात्रा के संस्मरण साझा किये ।

जयपुर से पधारे न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अंजनी कुमार शर्मा ने देश, पर्यावरण, स्वच्छता के साथ राष्ट्र निर्माण के लिए निरोग और स्वस्थ समाज  की  ज़रूरत  और आपात स्थिति के लिए  के लिए टिप्स बताये। वह टोक्यो से पार्किंसंस रोग में फेलोशिप इंडियन कॉलेज ऑफ फिजिशियन फेलोशिप से सम्मानित हैं।

आयुक्त सुमित कुमार यादव ने स्वच्छ भारत, स्वस्थ और श्रेष्ठ देश के लिए उपस्थित लोगों से देश, पर्यावरण, प्रकृति प्रदत्त चीजों का सदुपयोग, संविधान के उद्देश्यों के अनुरूप आचार व्यवहार और कर संग्रह प्रक्रिया के सरलीकरण के सहयोग पर जोर दिया। समारोह में उपस्थित इन बड़ी हस्तियों का सम्मान भी किया गया। 

सांस्कृतिक कार्यक्रम में सुरेश चंद्र माइच, एच आर मुंडेल, हम्मीर सिंह, विजय सिंह धाकड़ के अलावा मिंटू राम ने देश प्रेम और देश भक्ति से ओतप्रोत गीतों से समा बांध दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर्ताओं के अलावा कार्यालय की स्वच्छता, बागवानी, वृक्षारोपण और रखरखाव में बेहतर योगदान देने वाले दूली चंद, विजय कश्यप, किशोर कुमार माली और राम भरोसी को स्मृति चिन्ह प्रदान किये गए। मंच संचालन सहायक आयुक्त सान्या सिंघानिया ने किया।