कांग्रेस सरकार आई तो हर परिवार की महिला मुखिया को सालाना 10 हजार रूपए दिए जाएंगे, 500 रूपए में देंगे सिलेण्डर: प्रियंका गांधी



झुंझुनूं। राजस्थान में यदि फिर से कांग्रेस सरकार आई तो हर परिवार की महिला मुखिया को सालाना 10 हजार रूपए दिए जाएंगे, वहीं करीब 1 करोड़ 5 लाख परिवारों को 500 रूपए में रसोई गैस सिलेण्डर दिया जाएगा। 
राजस्थान में चुनावी दौरे पर आई प्रियंका गांधी ने यह घोषणा की। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि उसकी घोषणाएं खोखली हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार सिर्फ गिने चुने उद्योगपतियों के लिए चल रही है। पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना, महिला आरक्षण सहित कई मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि इनकी खोखली घोषणाएं हैं, खाली लिफाफे हैं। ये जो भी घोषणा करते हैं उन्हें जमीन पर नहीं उतारते हैं। इसके विपरीत, कांग्रेस की सरकारें अपनी सारी घोषणाओं को जमीन पर उतार रही हैं।

THE FRIDAY POST Priyanka Gandhi

कांग्रेस नेता ने कहा, आज जो मोदी जी की सरकार है, भाजपा की सरकार है, उसमें आपकी कोई सुनवाई नहीं है। यह सरकार सिर्फ गिने चुने उद्योगपतियों के लिए चल रही है।

देवनारायण जी के मंदिर में प्रधानमंत्री द्वारा डाले गए लिफाफे में से कथित तौर पर 21 रुपए निकलने की टीवी पर दिखाई गई घटना का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने यह कटाक्ष भी किया। मोदी जी का लिफाफा खाली है।

जनसभा को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी संबोधित किया। वह झुंझुनू के अरड़ावता में एक जनसभा को संबोधित कर रही थीं।