जयपुर। इस देश में साइबर ठग किस तरह से बेखौफ हैं इसकी एक बड़ी बानगी राजस्थान में देखने को मिली। जहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा के नाम पर साइबर ठगों ने कई लोगों से पैसे मांगे। गनीमत यह रही कि लोकेश शर्मा की टीम ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए अपने साथियों को अलर्ट कर दिया और तुरंत पर्सनल मैसेज भी भेजे गए। ताकि साइबर ठगों से उन्हें बचाया जा सके। इस पूरे मामले की शिकायत भी पुलिस अधिकारियों को कर दी है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा के नाम पर लोगों को ठगने की कोशिश साइबर ठगों ने गूगल पे के जरिए करने की कोशिश की। अलग-अलग लोगों से FB मैसेज कर यह रुपए मांगे गए थे। मुख्यमंत्री के ओएसडी लोकेश शर्मा की प्रोफाइल फोटो के साथ लोगों को संदेश भेजा गया और किसी संकट में फंसे होने का बहाना लगाकर यह पैसा मांग गया। सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफ़ाइल बनाकर मुख्यमंत्री गहलोत और ओएसडी लोकेश शर्मा की साथ में फोटो भी लगाई गई।
उधर लोकेश शर्मा ने एक बयान सोशल मीडिया पर जारी कर लिखा कि 'मेरी फोटो और मेरा नाम उपयोग कर एक फेसबुक प्रोफ़ाइल से मेरे फेसबुक मित्रों, परिचितों और फॉलोवर्स को सन्देश भेजकर पैसों की मांग की जा रही है। सभी से आग्रह है कि इस तरह के झूठे झांसे में न आएं और कोई पैसा न दें। जिसने भी इस तरह की कोशिश की है उसके खिलाफ़ सख्त कार्यवाही की जाएगी।'बहरहाल इस फेक आईडी की जांच की जा रही है और जल्दी माना जा रहा है कि आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। पर सबसे बड़ा सवाल यह है कि साइबर ठगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वह सीएम के ओएसडी तक को भी नहीं बख्श रहे।