जयपुर। पिंकसिटी में 250 करोड रूपये की लागत से निर्मित एल.आई.सी. भवन से सोडाला तक एलीवेटेड रोड का लोकार्पण राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया।
222 करोड रूपये से प्रस्तावित 6 प्रोजेक्ट्स - राजस्थान इन्टरनेशनल सेन्टर परिसर में गेस्ट हाउस का निर्माण कार्य, सांझरिया में 43 एम.एल.डी. क्षमता के एसटीपी, पृथ्वीराज नगर (उत्तर) में 1200 एम.एम. व्यास की मुख्य ट्रंक लाईन, पृथ्वीराज नगर (उत्तर) में 600-900 एम.एम. व्यास की मुख्य ट्रंक लाईन, लुनियावास-गोनेेर रोड पर एवं वन्देमातरम रोड-मुहाना मण्डी रोड पर मुख्य ड्रेनेज का कार्य का शिलान्यास नगरीय विकास, स्वायत्त शासन एवं आवासन मंत्री शांति धारीवाल की अध्यक्षता में किया गया।
हवा सडक-सोडाला एलीवेटेड रोड एल.आई.सी. भवन से सोडाला तक एलीवेटेड रोड का कार्य जयपुर शहर के बढते हुए यातायात के मद्धेनजर हवा सडक पर राशि रू. 250.00 करोड की लागत से एलीवेटेड रोड के निर्माण करवाया गया है। यह एलीवेटेड रोड सहकार सर्किल होते हुए बाईस गोदाम पर जयपुर -दिल्ली एवं जयपुर - सवाईमाधोपुर रेलवे लाइन को क्रोस करने के उपरान्त हवा सडक होते हुए वर्तमान में निर्मित अजमेर एलीवेटेड रोड से मिलती है। अम्बेडकर सर्किल से एलीवेटेड रोड अजमेर रोड़ तक जाने वाले भाग की लम्बाई 2.80 किमी तथा हवा सडक से अम्बेडकर सर्किल तक जाने वाले भाग की लम्बाई 1.80 किमी है। इस एलीवेटेड कॉरीडोर हेतु एकल पिलर सडक के मध्य विभाजक में 2.0 मीटर चौडाई में निर्मित किये गये हैं। दो पिलरों के बीच की ओसत दूरी 30 मीटर रखी गई है। दो लेन हेतु 8.5 मीटर एवं आने जाने हेतु 4 लेन वाले स्थानों में 17.0 मीटर की चौडाई में सुपरस्ट्रक्चर का निर्माण किया गया है। एलीवेटेड रोड पर प्रत्येक तरफ के यातायात हेतु दो-दो लेन 3.5 मीटर चौडाई में रखी गई है।
यह उच्च सडक वर्तमान सडक से ओसतन 10मीटर की ऊंचाई पर है। अजमेर एलीवेटेड रोड पर इसके मिलान के स्थान के अलावा इस सडक पर रफ्तार 40 किमी प्रतिधण्टे की रखी गई है।
इसके निर्माण से यातायात को निम्न क्रॉसिंग पर निर्वाध प्रवाह की सुविधा मिलेगीः
1- तिलक मार्ग तिराहा,
2- बाईस गोदाम सर्किल
3- रेलवे क्रोसिंग
4- सिविल लाइन्स सर्किल
5- नन्दपुरी रोड तिराहा
6- चम्बल पॅावर हाउस तिराहा
7- सोडाला तिराहा
इस महत्वाकांक्षी परियाजना से जयपुर के पूर्व -पश्चिमी यातायात के लिए वर्तमान में सीमित सडकों के साथ एक नया कॉरीडोर उपलब्ध होगा एवं इस क्षेत्र व इसके आस पास के क्षेत्रों में यातायात में व्यापक सुधार होगा।
इस एलिवेटेड रोड का निर्माण स्लीक स्ट्रक्चर के रूप में किया गया है। इस परियोजना में पुल के निर्माण अतिरिक्त पुल व नीचे की सर्विस सडकों के सौन्दर्यकरण के तहत पुल पर फसाड लाईटिंग व पोल पर तिरंगा लाईटिंग का भी कार्य किया गया है। सर्विस सडकों को चौडा कर फुटपाथ व मीडियन का निर्माण कर पौधारोपण व लैण्ड स्केपिंग का भी कार्य किया गया है। यातायात के लिए महत्वपूर्ण सिविल लाईन सर्किल का जोधपुर स्टोन में कारविंग से पुनः निर्माण कर मध्य में सुन्दर फव्वारा मय लाईट भी लगाया जा रहा है।
इन सभी सौन्दर्यकरण के कार्यों से यह महत्वपूर्ण सडक नये रूप में नजर आयेगी। राजस्थान इन्टरनेशनल सेन्टर परिसर में गेस्ट हाउस निर्माण कार्य विश्व के बदलते परिप्रेक्ष्य में राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलनों की महत्ता, विचारो के आदान-प्रदान, एक छत के नीचे वृहत स्तर पर सम्मेलनों/सेमिनारों के आयोजन हेतु दिल्ली में बने इण्डिया इन्टरनेशनल सेन्टर एवं इण्डिया हैबिटेट सेन्टर की तर्ज पर राजस्थान इन्टरनेशनल सेन्टर की परिकल्पना की गई है।