कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए 24 साल बाद हुए चुनाव, 19 अक्टूबर को आएगा नतीजा


नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुई वोटिंग समाप्त हो चुकी है। अध्यक्ष पद के लिए हालांकि मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि ​थरूर में मुकाबला रहा लेकिन जीत एक तरफ खड़गे की तय मानी जा रही है। अध्यक्ष पद के लिए विभिन्न राज्यों में मतदान हुआ।

कांग्रेस के कई दिग्गज इसमें शामिल हुए। अध्यक्ष पद के लिए सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, राहुल गांधी, अशोक गहलोत, पी. चिदंबरम, कमलनाथ समेत कई दिग्गज नेताओं ने मतदान किया। कांग्रेस मुख्यालय पर वोटिंग के बाद सोनिया गांधी ने कहा कि नए अध्यक्ष का इंतजार लंबे वक्त से था। वोटिंग खत्म होने के बाद चुनाव प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री ने बताया कि 9900 में से 9500 डेलिगेट्स ने वोट डाले। किसी भी राज्य में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। सभी राज्यों से 18 अक्टूबर को बैलेट बॉक्स आएगा।

19 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी और नतीजे सामने आएंगे। उधर इन चुनावों में कांग्रेस नेता और अध्यक्ष पद के दावेदार शशि थरूर की हार तय मानी जा रही है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वोटिंग से पहले छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों में शशि थरूर को पोलिंग एजेंट्स नहीं मिले। कांग्रेस ने इसके बाद नियमों में बदलाव किया और उन्हें पोलिंग एजेंट्स उपलब्ध करवाए। कांग्रेस संविधान के मुताबिक वोट डालने वाले डेलिगेट्स ही पोलिंग एजेंट होते हैं। चुनाव के दौरान शशि थरूर का ए​क ट्वीट भी चर्चा में रहा। यहां जिसमें उन्होंने लिखा कि कुछ लड़ाइयां हम इसलिए भी लड़ते हैं कि इतिहास याद रख सके कि वर्तमान खामोश नहीं था। बता दें कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए 24 साल बाद चुनाव हुए हैं।