जयपुर। देश के जाने माने आर्किटेक्ट डब्ल्यूटीपी के प्रमुख अनूप बरतरिया के ठिकानों पर ईडी ने छापा मारा है। दिल्ली से आई टीम गुरूवार सुबह अनूप बरतरिया के आवास पर पहुंची। आवास के साथ ही उनके कार्यालय और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक ईडी की टीम सुबह 9 बजे से शहर के अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई में जुट गई थी।
अनूप बरतरिया वाटर पार्क ग्रुप से जुड़े हुए हैं। उनके गोपालपुरा स्थित आवास पर भी ईडी की टीम छापेमारी कर पूछताछ व जांच कर रही है। हालांकि ईडी ने किस प्रकरण में यह कार्रवाई की है इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। कार्रवाई के दौरान बाहर के किसी भी व्यक्ति को अनूप बरतरिया के आवास व अन्य ठिकानों पर प्रवेश रोक दिया गया।
बता दें कि अनूप बरतरिया राजस्थान सरकार के कई बड़े प्रोजेक्ट्स को देख रहे हैं। कोटा नगर विकास न्यास स्मार्ट सिटी की तरफ से करवाए जा रहे हजारों करोड़ रुपए के कार्यों के आर्किटेक्ट हैं। कोटा में चंबल नदी पर बन रहे 1000 करोड़ के हेरिटेज रिवरफ्रंट, 100 करोड़ के कोटा सिटी पार्क ऑक्सीजोन, एरोड्रम सर्किल, घोड़े वाले बाबा चौराहा, विवेकानंद सर्किल, सुभाष लाइब्रेरी, गवर्नमेंट कॉलेज बिल्डिंग, अंटाघर चौराहा, गोबरिया बावड़ी, अनंतपुरा व इंदिरा गांधी फ्लाईओवर जयपुर गोल्डन और मल्टीपरपज पार्किंग की डिजाइन भी अनूप बरतरिया ने की है। साथ ही महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल और जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा, महाराणा प्रताप चौराहे पर घूमता हुआ फ्लाईओवर, किशोर सागर तालाब में पानी के बीच में घोड़े लगाना, सालीम सिंह की हवेली, सीबी गार्डन का डेवलपमेंट सहित कई कार्यों की भी डिजाइन भी बरतरिया ने की है।
कोटा में चल रहे इस वक्त के कई बड़े प्रोजेक्ट्स की डिजाइनिंग का काम यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल के निर्देशन में अनूप बरतरिया लीड कर रहे हैं। कोटा शहर के एमबीएस और जेके लोन अस्पताल में हेरिटेज और ओपीडी आईपीडी की बिल्डिंग का भी कार्य वही संभाल रहे हैं। एमबीएस अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग की फसाड़ लाइट को बदलने का कार्य भी बरतरिया की आर्किटेक्ट डिजाइन पर हो रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि ईडी विभिन्न मामलों में उनसे पूछताछ कर सकती है।
हालांकि अभी ईडी की ओर से कार्रवाई क्यों और वास्तव में किस मामले में की गई है यह स्पष्ट नहीं हुआ है।