कोविड संक्रमण की चपेट में आने के बाद देश के जाने-माने न्यूरोलॉजिस्ट और पद्मश्री डॉ. अशोक पनगड़िया का निधन


जयपुर। कोविड-19 संक्रमण की चपेट में आने के बाद देश के जाने-माने न्यूरोलॉजिस्ट और पद्मश्री डॉ. अशोक पनगड़िया (Doctor Ashok Panagariya) का निधन हो गया है। काफी दिनों से उनकी सेहत में सुधार के हर संभव प्रयास चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे थे लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ।

संक्रमण की चपेट में आने के बाद से वो जयपुर के इटरनल हॉस्पिटल में भर्ती करवाए गए थे, जहां उनका इलाज चल रहा था। इससे पहले पिछले सप्ताह सोशल मीडिया पर डॉक्टर पनगड़िया की मौत की खबर भी वायरल होने लगी थी, जिसे अस्पताल प्रशासन ने साफ तौर पर नकार दिया था।

डॉक्टर पनगड़िया के निधन पर न केवल चिकित्सा जगत में शोक की लहर है बल्कि पूरे देश भर में उनके निधन पर शोक जताया राह जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कई चिकित्सकों ने उनके निधन पर शोक जताया है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने संदेश में कहा कि 'राष्ट्रीय स्तर पर विख्यात, जाने-माने न्यूरोलॉजिस्ट, पद्मश्री से सम्मानित डॉ.अशोक पनगड़िया के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। डॉ. पनगड़िया ने महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं दीं एवं कोविड महामारी के समय में भी चिकित्सा विशेषज्ञ के रूप में प्रदेश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. पनगड़िया का निधन चिकित्सा जगत एवं प्रदेश के लिए बड़ी क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है शोकाकुल परिजनों एवं डॉ. पनगड़िया के मित्रों को यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें एवं दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। मुझे व मेरे परिवार को व्यक्तिगत क्षति हुई है, मेरे उनसे पारिवारिक रिश्ते रहे हैं लम्बे समय तक उन्हें भुलाना सम्भव नहीं होगा।'